गिरिडीह के तुलाडीह में गायत्री महायज्ञ का आयोजन


गिरिडीह। अखिल विश्व गायत्री परिवार, गिरिडीह द्वारा 15 जून 2025 को ग्राम तुलाडीह, प्रखंड बिरनी के सामुदायिक भवन में गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ का संचालन लव कुमार सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में गुरु व गायत्री वंदना, देव शक्तियों का आह्वान और मानव कल्याण हेतु सामूहिक प्रार्थना की गई। लगभग 50 लोगों ने गायत्री महामंत्र व महामृत्युंजय मंत्र से आहुतियां दीं। इस दौरान दो बच्चों का जन्मदिवस भी मनाया गया।

इस मौके पर लव कुमार सिन्हा ने बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार के आह्वान पर अखंड दीप शताब्दी समारोह 2026 के लिए गांव-गांव में यज्ञ और गायत्री महामंत्र लेखन अभियान चलाया जा रहा है। गायत्री परिवार द्वारा निःशुल्क मंत्र लेखन पुस्तिका वितरित की जा रही है। साथ ही, पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अखंड ज्योति व युग निर्माण पत्रिका का वितरण और निःशुल्क सद्वाक्य स्टीकर वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेश्वर साव, शिव प्रसाद राम, पंकज केसरी, सुखदेव ठाकुर, लीलावती तरवे, स्नेहलता देवी सहित कई ग्रामीणों ने सहयोग दिया।

Comments are closed.