कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत प्रखंड और मंडल अध्यक्षों की हुई बैठक
कांग्रेस की विचारधारा को पंचायत स्तर तक पहुंचाए पार्टी के नेता व कार्यकर्ता: पटेल


गिरिडीह। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान 2025 के तहत सोमवार को सर्किट हाउस में जिले के प्रखंड अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिले के पर्यवेक्षक और पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल उपस्थित थे। बैठक के दौरान सभी प्रखंड और मंडल अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल ने अपने संबोधन में कहा, कि प्रखंड स्तर की कमेटियां संगठन की रीढ़ होती हैं। यह कार्यक्रम प्रखंड और मंडल स्तर पर कार्यरत कांग्रेसजनों को सम्मान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने का एक प्रयास है। उन्होंने पार्टी नेताओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को एक अवसर के रूप में लें और कांग्रेस की विचारधारा को पंचायत स्तर तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वे आगामी 8 जुलाई को देवरी और 12 जुलाई को गांडेय प्रखंड का दौरा करेंगे।

प्रदेश द्वारा नियुक्त प्रशिक्षण सदस्य जेपी सिंह ने कहा, कि पार्टी के नेता व कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संगठन का विस्तार करें। पंचायतों में जाकर लोगों की समस्याओं से अवगत होने के साथ ही उसका समाधान के लिए कार्य करें। वहीं जिला अध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि बीते एक माह से जिले के विभिन्न प्रखंडों में टीम के साथ जाकर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया, ऋषिकेश मिश्रा, अमित सिन्हा, पुरुषोत्तम चौधरी, अशोक विश्वकर्मा, जोगेश्वर महथा, प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर मंडल, मनोज राय, निरंजन राय, अकबर अंसारी, मोहम्मद इम्तियाज, रणधीर चौधरी, निरंजन तिवारी, अभिनंदन सिंह, मोतीलाल पांडेय, अशोक निराला सहित कई प्रखंडों के मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे।

Comments are closed.