एसआईआर-2026 के प्रक्रिया के बीच डीसी ने दिए विधानसभावार मतदाता सहायता केंद्र खोलने के निर्देश
मतदाता सहायता केंद्र में मतदाताओं को मिलेगी हर आवश्यक जानकारी: उपायुक्त

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए है। जहां मतदाताओं को अभियान से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं एवं जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी।
इस संबंध में उपायुक्त श्री यादव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया, म्दनउमतंजपवद थ्वतउ भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, मतदाता सूची में नाम खोजने, त्रुटि सुधार सहित अन्य निर्वाचन संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सहायता केंद्र संचालित किए जाएंगे। कहा कि जिला स्तर पर इन सहायता केंद्रों के संचालन एवं पर्यवेक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारीएवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने स्तर से प्रशिक्षित एवं अनुभवी कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करेंगे, ताकि आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।


उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सहायता केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कहा कि मतदाता सहायता केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को अधिक प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाया जाए। उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहभागिता निभाएं तथा जरूरत पड़ने पर अपने निकटतम मतदाता सहायता केंद्र से संपर्क कर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

