अबुआ आवास के नाम पर 15 हजार लेने का आरोप, पैसे मांगने पर दिव्यांग के घर हंगामा
दिव्यांग ने प्रवीण सिंह व उपमुखिया पिंटू रजक पर लगाया धमकी व दुर्व्यवहार का आरोप, दोनों पक्षों के आवेदन पर पुलिस कर रही जांच

गिरिडीह। अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये लेने और आवास नहीं मिलने के बाद पैसे वापस मांगने पर हंगामा करने का मामला धनवार थाना क्षेत्र के घोड़थम्बा से सामने आया है। मामले में घोड़थम्बा निवासी दिव्यांग रोहित गोस्वामी ने घोड़थम्बा ओपी में आवेदन देकर प्रवीण सिंह और उपमुखिया पिंटू रजक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ओपी में दिए आवेदन में रोहित ने आरोप लगाया है कि अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर प्रवीण सिंह ने उससे 15 हजार रुपये लिए थे। आवास नहीं मिलने पर उसने एक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से प्रवीण सिंह से पैसे वापस करने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान प्रवीण सिंह हंगामा करने लगा। मामला बढ़ने पर मुखिया प्रतिनिधि नरेश यादव की पहल से कथित तौर पर 10 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि शेष पांच हजार रुपये बाद में देने की बात कही गई।


रोहित का आरोप है कि इसके बाद 22 सितंबर को प्रवीण सिंह के साथी और उपमुखिया पिंटू रजक उसके घर पहुंचे और हंगामा किया। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने के साथ उसकी पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
वहीं, मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दी गई है। घोड़थम्बा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि रोहित के आवेदन पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रवीण सिंह ने भी रोहित के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। ऐसे में पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अबुआ आवास योजना के नाम पर रुपये लेने, धमकी देने और मारपीट से जुड़े आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर मामले की पड़ताल जारी है।

