नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं के हित में केंद्र सरकार का ऐतिहासिक कदम : राजकुमार राज
प्रेस वार्ता कर कहा अधिनियम का विरोध करने वाले महिलाओं के सशक्तिकरण का विरोधी

गिरिडीह। केन्द्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। मंगलवार को श्री राज शहर के एक होटल में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग इस अधिनियम का विरोध कर रहे हैं, वे दरअसल महिलाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के विरोधी हैं। उन्होंने इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला निर्णायक कदम बताया।
साथ ही उन्होंने झारखण्ड की हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और एक कमजोर नेतृत्व के कारण राज्य की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कहा कि हेमंत सरकार में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है, अपराध के मामले बढ़ रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिससे लोगों में गहरा असंतोष है।


पश्चिम बंगाल में पार्टी की चुनावी रणनीति पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने बताया कि रालोजपा इस बार 40 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और प्रदेश में एनडीए सरकार बनाने में एक महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि रालोजपा जनता के विश्वास और समर्थन के बल पर एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है।
