दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध कार्यक्रम की तैयारियां तेज
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना; सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में जुटा प्रशासन, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन सम्हाल रहीं कमान

गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर गिरिडीह में तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को उनके आवास पर श्राद्ध कर्म का आयोजन किया जाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को गांडेय विधायक एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन गिरिडीह पहुंचीं। उन्होंने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचकर श्राद्ध कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आयोजन से जुड़े लोगों के साथ आवश्यक चर्चा की।


सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की टीम लगातार तैयारियों में जुटी है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात नियंत्रण, पार्किंग और आगंतुकों के आवागमन को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन एवं आयोजन से जुड़े लोग कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों के पहुंचने की संभावना
श्राद्ध कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर दिवंगत मंत्री के समर्थकों एवं शुभचिंतकों में भावुक माहौल बना हुआ है।

