गिरिडीह पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, मेयर प्रत्याशी डॉक्टर शैलेन्द्र चौधरी के पक्ष में बनाई रणनीति हेमंत सरकार पर बोला हमला, कहा राज्य में अपराधियों का बोलबाला

गिरिडीह। गिरिडीह नगर निगम चुनाव में मेयर पद के उमीदवार शैलेंद्र चौधरी को समर्थन दिए जाने के बाद उठे विरोध के स्वर को शांत करने के लिए अब पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को आना पड़ा। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा बुधवार की शाम को गिरिडीह पहुंचे और मेयर उम्मीदवार डॉक्टर शैलेन्द्र चौधरी समेत दल के नेताओ और कार्यकर्त्ताओ के साथ बैठक की। इस दौरान पूर्व सांसद रविंद्र राय, महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, ओबीसी मोर्चा के रंजीत बरनवाल, प्रो विनीता कुमारी, शालिनी वैशखियार, संजू देवी सहित कई भाजपाई भी शामिल हुए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रीय मंत्री ऋतूराज ने कहा कि भाजपा हर चुनाव को गंभीरता के साथ लड़ती है। निकाय चुनाव हो या फिर पंचायत चुनाव। कहा कि भाजपा के लिए चुनाव सत्ता हासिल करने के बजाय वैचारिक लड़ाई माना जाता है। कहा कि राज्य में निकाय चुनाव के बाद जो परिणाम दिखेंगे, वो हेमंत सरकार के सत्ता को हिलाने का सिर्फ संकेत मात्र होगा। इस दौरान राष्ट्रीय मंत्री ने कॉंग्रेस नेत्री अम्बा प्रसाद द्वारा लगाए गए आरोप के मार्फत हेमंत सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अभी तो सिर्फ अम्बा प्रसाद ने राज्य के पदाधिकारियों पर आपराधिक छवि का आरोप लगाया है। अगले कुछ दिनो में जेएमएम और कांग्रेस के कई विधायक सामने होने वाले हैं।
