गिरिडीह कॉलेज में वित्तिय घोटले के मामले को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे अभाविप कार्यकर्ताओं को मनाने पहुंचे कुलपति और रजिस्टार
भूख हड़ताल से उठने से अभाविप नेताओं ने किया इंकार, कहा बगैर कार्रवाई के समाप्त नही होगा आंदोलन

गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में हुए वित्तिय घोटाले के मामले को लेकर एक सप्ताह से भूख हड़ताल पर बैठे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनीश राय और नीरज चौधरी का हाल जानने गुरुवार की देर शाम विनोवा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति गिरिडीह कॉलेज पहुंचे। उनके साथ विश्वविद्यालय के रजिस्टार भी मौजूद थे। भूख हड़ताल पर बैठे दोनों कार्यकर्ता अनीश राय और नीरज चौधरी के साथ भाजपा नेता रौशन कुमार, सौरव कुमार, रंजीत राय, विशाल त्रिवेदी समेत अभाविप के कई कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान कुलपति और रजिस्ट्रार ने दोनों छात्र नेताओं से अपील किया कि वो भूख हड़ताल खत्म कर दें। मामले की जांच की जा रही है। कहा कि इस तरह के धरना प्रदर्शन से कॉलेज का माहौल खराब हो रहा है।
भूख हड़ताल पर बैठे दोनों कार्यकर्ता ने स्पष्ट कहा कि जितने जांच अभी तक हुए। उसके रिपोर्ट को जब तक सार्वजनिक नही किया जाता है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान अभाविप के नेता रौशन कुमार ने स्पष्ट तौर पर कहा कि किसी सूरत में कोई छात्र नेता तब तक भूख हड़ताल समाप्त नहीं करने वाला, जब तक कि गिरिडीह कॉलेज के स्कैमर प्रिंसिपल मृगेंद्र नारायण सिंह और प्रोफेसर बालेन्दु शेखर त्रिपाठी को पद से हटाकर मामले की जांच शुरू नहीं किया जाता है। कहा कि जब तक दोनों पद पर बने रहेंगे वे जांच प्रक्रिया को प्रभावित करते रहेंगे।

