अवैध शराब के खिलाफ गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जीटी रोड संतुरपी के पास से 50 लाख की शराब लदा ट्रक जब्त
धनबाद से बिहार जा रहा था शराब लदा ट्रक, जांच में जूटी पुलिस

गिरिडीह। बगोदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीटी रोड संतुरपी के पास से भारी मात्रा में शराब और बीयर लदा एक ट्रक को जब्त किया है। बगोदर थाना सरिया-बगोदर के एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि धनबाद से बिहार की ओर ट्रक में लोड बड़े पैमाने पर शराब ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जीटी रोड पर जांच अभियान शुरू किया। इस दौरान बगोदर जीटी रोड संतुरपी के पास आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक से भारी मात्रा में शराब और बीयर की पेटियां बरामद हुईं। जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक समेत शराब को जब्त कर लिया। जब्त शराब की पेटियों का मिलान किया जा रहा है। जब्त शराब की पुलिस मामले की जांच करते हुए तस्करों के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

