रामनवमी पर्व को शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, बैठको का दौर जारी डीसी व एसपी ने जिले के सभी पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ की वीसी के माध्यम से उच्च स्तरीय बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा करने के साथ ही विशेष नजर रखने के निर्देश उपायुक्त अधिकारियों को दिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नही बरतने की चेतावनी

गिरिडीह। गिरिडीह में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुकूल संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव व एसपी डॉ बिमल कुमार अधिकारियों के साथ लगातार बैठके कर आवश्यक दिशा निर्देश दें रहे है। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में जिले के सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी स्थानीय शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के बुद्धिजीवियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की संयुक्त पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जाए।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि रामनवमी एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग एवं समन्वय से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर नजर बनाएं रखें। जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर लिया जाए और जहां भी आवश्यक हो वहां बैरिकेडिंग, लाइटिंग एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का सख्ती से पालन कराया जाए तथा बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का जुलूस या कार्यक्रम आयोजित न होने दिया जाए। उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी दुरुस्त रहनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है। सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी अलर्ट मोड में रहें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग में निर्धारित नियमों का पालन कराया जाए तथा भड़काऊ या अश्लील गानों पर पूरी तरह रोक रहे।
