Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

राधा स्वामी संगठन के वाहन स्कीम मामले में फर्जीवाडा, आरोपी शमीम अख्तर गिरफ्तार

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा - शमीम को पहले ही संगठन से किया गया है निष्कासित

1,230

गिरिडीह : गिरिडीह में राधा स्वामी संगठन से जुड़े और गांडेय विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके शमीम अख्तर को पचंबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शमीम अख्तर पर राधास्वामी संगठन के वाहन स्कीम में कई लोगों से वाहन दिलाने के नाम पर राशि लेने व फाइनेंस कंपनी को भुगतान नही करने का आरोप है। वाहन फाइनेंस करने वाली कंपनी के द्वारा इएमआई नही मिलने पर वाहन लेने वाले लोगों को परेशान किया जा रहा था। जिसके बाद लोगों ने शमीम अख्तर के खिलाफ थाने में शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पचंबा पुलिस ने देर रात को शमीम अख्तर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इधर राधास्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा ने बताया कि राधा स्वामी संगठन के द्वारा वाहन स्कीम सहित लोगों के लिए कई लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें पूरी पारदर्शिता बरती जाती है। उन्होंने कहा कि शमीम अख्तर के खिलाफ कुछ माह पूर्व 36 लोगों से संगठन के बजाय अपने निजी खाते में रुपए लेने की शिकायत मिली थी। जिसके लिए उन्हें नोटिस भी किया गया था, लेकिन संतुष्टिजनक जवाब नहीं मिलने के कारण 24 जुलाई को ही शमीम अख्तर को राधास्वामी संगठन से निष्कासित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शमीम अख्तर के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें आ रही थीं और इसी वज़ह से उसे संगठन से बाहर कर दिया गया था। ये पूछे जाने पर कि यदि शमीम अख्तर को निकाल दिया गया था तो फिर उसकी गिरफ़्तारी संगठन के दफ़्तर से कैसे हुई, श्री सिन्हा ने कहा कि शमीम अख्तर अपनी गलती की माफ़ी माँगने आया था।

sawad sansar

गौरतलब है कि राधास्वामी संगठन से जुड़े कई लोगों ने जागरूक जनता पार्टी के बैनर तले पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था और शमीम अख्तर ने भी इसी पार्टी के बैनर तले गांडेय विधानसभा से पिछला चुनाव लड़ा था। अब शमीम अख्तर की गिरफ़्तारी से कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब आने वाले समय में संगठन को निश्चित तौर पर देना होगा।

ITI

Comments are closed.