जिला जनसंपर्क कार्यालय में हुए चोरी कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार
चोरी हुए सभी सामान बरामद, एक संदिग्ध की तलाश जारी

गिरिडीह। बीते दिनों जिला जनसंपर्क कार्यालय में हुई चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी हुए इनवर्टर, दो बैटरियां और एलईडी टीवी भी बरामद कर ली है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डीएसपी नीरज कुमार सिंह व नगर थाना प्रभारी रतन सिंह ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कि 27 जुलाई 2026 को जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक सह प्रभारी इंक्वायरी लिपिक राजेश पासवान ने कार्यालय से इनवर्टर, दो एसएफ सोनिक बैटरी और एक सैमसंग एलईडी टीवी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 158/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी महताब अंसारी उर्फ बल्लू व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाटांड़ बुढ़ियाबाद निवासी मो. वारिस को गिरफ्तार किया। डीएसपी श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर चोरी हुए सभी सामान बरामद कर लिए गए हैं।


बताया कि इस चोरी कांड में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के अलावा एक अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। कहा कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।

