गिरिडीह से साइबर ठगी का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड छोटी मंडल सहित 4 गिरफ्तार
तेलंगाना और हैदराबाद में 65 साइबर क्राइम के मामलों में शामिल था मुख्य आरोपी, पुलिस ने जब्त किए मोबाइल और सिम कार्ड


गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में मास्टरमाइंड छोटी मंडल उर्फ छोटे मंडल भी शामिल है, जिसके खिलाफ तेलंगाना और हैदराबाद में साइबर क्राइम के 65 मामले दर्ज हैं।
गिरिडीह के साइबर डीएसपी आबिद खान ने प्रेस वार्ता में बताया कि 2 जुलाई 2025 को प्रतिबिम्ब पोर्टल के जरिए सूचना मिली थी कि अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार और गिरिडीह बस स्टैंड के पास झिंझरी मोहल्ला में कुछ साइबर अपराधी ठगी की गतिविधियों में लिप्त हैं। इस सूचना के आधार पर डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में एक छापामारी दल गठित किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार अपराधियों के नाम और विवरण
- दीपु कुमार मंडल उर्फ दीपक कुमार मंडल (22 वर्ष), निवासी: चामलिट्टी, अहिल्यापुर, गिरिडीह
- छोटी मंडल उर्फ छोटे मंडल (30 वर्ष), निवासी: चामलिट्टी, अहिल्यापुर, गिरिडीह
- श्रवण राय (21 वर्ष), निवासी: महेशपुर, मुफस्सिल, गिरिडीह
- मोहित कुमार मंडल (19 वर्ष), निवासी: नवादा (महुआटांड़), ताराटांड़, गिरिडीह
पुलिस ने इनके पास से 5 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी KYC अपडेट, आधार अपडेट, कूरियर सर्विस और दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों को ठगते थे।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
- छोटी मंडल: तेलंगाना और हैदराबाद में 65 साइबर क्राइम के मामले दर्ज, साथ ही देवघर साइबर थाना में कांड सं. 21/2023 दर्ज।
- दीपक कुमार मंडल: अहिल्यापुर थाना में कांड सं. 81/2017 और छत्तीसगढ़ में एक शिकायत दर्ज।
- श्रवण राय: गिरिडीह साइबर थाना में कांड सं. 19/2023 दर्ज।
कानूनी कार्रवाई: इस मामले में साइबर थाना कांड सं. 26/2025 दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डीएसपी आबिद खान ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लिंक या फोन कॉल्स पर भरोसा न करें और साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक रहें। साइबर क्राइम की शिकायत के लिए गिरिडीह साइबर थाना या राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

Comments are closed.