गिरिडीह पहुंचे आईजी सुनील भास्कर, एसडीपीओ कार्यालय का किया निरीक्षण
पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर दिए कई निर्देश

गिरिडीह : गिरिडीह जिले में बढ़ते अपराध के बीच बुधवार को आईजी सुनील भास्कर गिरिडीह पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। गिरिडीह पहुंचने पर आईजी सुनील भास्कर को गिरिडीह पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। इस क्रम में उन्होंने पुराने पुलिस लाइन के एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर एसपी डॉक्टर विमल कुमार के साथ एसडीपीओ जीतवाहन उरांव समेत सदर अनुमंडल के कई थानेदार मौजूद थे।
मौके पर पत्रकारो से बातचीत करते हुए आईजी श्री भास्कर ने कहा कि गिरिडीह में बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर बैठक की गई और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उन्होंने जिले में लंबित कांडों का जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश देने के साथ ही पुलिस – पब्लिक के रिश्ते को मजबूत करने के लिए भी सभी को बेहतर तरीके से काम करने का निर्देश दिया। आईजी श्री भास्कर ने महिला उत्पीड़न की शिकायतों का निष्पादन त्वरित गति से करने और आर्थिक अपराध समेत अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
