गावां के मालडा पंचायत में मनरेगा योजना में हो रही गड़बड़ी, बिना बोर्ड लगाए जेसीबी से बनाया जा रहा है पर्कुलेशन टैंक

गिरिडीह। गावां प्रखंड के मालडा पंचायत में मनरेगा योजना में मजदूरों के बजाय जेसीबी से काम किए जाने का मामला सामने आया है। मामला मालडा पंचायत स्थित पांडेयडीह बगिया का है। जहां इन दिनों न सिर्फ एक ही जगह पर पांच पर्कुलेशन टैंक का निर्माण कराया गया है बल्कि इसमें जेसीबी मशीन का भी प्रयोग किया गया है। उक्त सभी योजनाएं मनरेगा से की गई है।
इधर मामले को लेकर जब उक्त पंचायत के मुखिया पति से जानकारी लिया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वह पता लगाने के बाद ही इस बारे में कुछ कहेंगे। वहीं दूसरी ओर जब पंचायत के रोजगार सेवक से जानकारी लिया गया तो उन्होंने पैर की हड्डी टूट जाने और बेड रेस्ट में होने की बात कह कर जानकारी होने से इनकार कर दिया। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या योजनाओं की मॉनिटरिंग जब जिम्मेवार लोग ही नहीं करेंगे तो कैसे योजनाओं में मजदूरों को काम मिलेगा?
