CCTV में बाइक ले जाते दिखा संदिग्ध, गली में घूमते मिला तो लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के बक्सीडीह स्थित शिव मेडिकल एजेंसी के बाहर से चोरी हुई बाइक के मामले में स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और बाइक चोरी के मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बक्सीडीह निवासी सुनील पंडित अपनी स्प्लेंडर प्रो बाइक संख्या JH11M-1821 को सुबह करीब 9 बजे शिव मेडिकल एजेंसी के बाहर खड़ी कर दुकान के अंदर गए थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वे बाहर निकले तो बाइक गायब मिली। इसके बाद उन्होंने नगर थाना में आवेदन देकर बाइक बरामद करने और कार्रवाई की मांग की थी।


मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोपहर करीब 12:36 बजे एक संदिग्ध युवक बाइक लेकर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस उक्त युवक की पहचान और तलाश में जुटी थी।
बताया जाता है कि शुक्रवार को वही संदिग्ध युवक एक गली में घूमता हुआ दिखाई दिया। उसे देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाना ले गई।
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाइक चोरी की घटना में उसकी क्या भूमिका है। वहीं, चोरी गई बाइक की बरामदगी के लिए भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।

