सरिया लदे ओवरलोड ट्रक ने दो युवकों को कुचला, एक की मौत; चालक समेत दो घायल
निमियाघाट के चरकी टोंगरी के पास देर रात हुआ हादसा, टक्कर के बाद ट्रक टूटकर बिखरा

गिरिडीह। जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत निमियाघाट थाना क्षेत्र के चरकी टोंगरी के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया लदे ओवरलोड ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला हिस्सा टूटकर बिखर गया। ट्रक पर लदा सरिया भी सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने और सड़क पर बिखरे सरिया को साफ कराने के बाद यातायात सामान्य कराया गया।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रक पर अत्यधिक भार होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक और घायलों की पहचान एवं हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

