Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

केंद्र सरकार के एलआईसी के विनिवेश के विरोध में बीमा कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

0 147

गिरिडीह। अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के अहवान पर केंद्र सरकार के द्वारा लिए गए निर्णय के खिलाफ बीमा कर्मचारी संघ गिरिडीह के द्वारा बुधवार को कार्यालय परिसर के समक्ष प्रदर्शन किया। जिसमें काफी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और केन्द्र सरकार के गलत नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार ने निर्णय लिया है कि भारतीय जीवन बीमा निगम में अपने हिस्सेदारी को ओर काम करने के लिए 3 अगस्त 2026 को घोषित ऑफर फॉर सेल के तहत एलआईसी का 6.50 प्रतिशत विनिवेश किया जाएगा। इसके पहले भी केंद्र सरकार के द्वारा एलआईसी का 3.50 प्रतिशत शेयर का विनिवेश किया जा चुका है। कहा कि यह नवीनतम विनिवेश सरकार के आर्थिक प्रबंधन के गहरे संकट को भी उजागर करता है। निवेश को प्रोत्साहित करने, रोजगार सृजित करने तथा टिकाऊ उपाय से राजस्व बढ़ाने में विफल रहने के बाद सरकार अब राजकोषीय घाटे की भरपाई के लिए सार्वजनिक परिसंपत्तियों की बिक्री कर रही है। चालू वित्तीय वर्ष में ही सरकार 7 सार्वजनिक उपक्रमों के शेयर बेचकर 21000 करोड रुपए से अधिक की राशि प्राप्त कर चुकी है।

sawad sansar

मौके पर मंडलीय सहायक सचिव अनुराग मुर्मू ने कहा कि एल आई सी केवल एक लाभ अर्जित करने वाली संस्था नहीं है बल्कि यह करोड़ों बीमा धारकों के विश्वास और बचत से निर्मित एक अद्वितीय राष्ट्रीय संस्था है। इसने घरेलू बचतों को संगठित करने राष्ट्र निर्माण के लिए वित्त उपलब्ध कराने तथा देश के दूर-दराज क्षेत्रों तक जीवन बीमा पहुंचने में अतुलनीय भूमिका निभाई है। वहीं संयुक्त सचिव राजेश कुमार उपाध्याय ने कहा कि एलआईसी इस देश की सबसे मजबूत और सुदृढ़ वित्तीय संस्था हैं। ऐसी संस्था में सार्वजनिक स्वामित्व को कमजोर करना पॉलिसी धारको, अर्थव्यवस्था और राष्ट्र तीनों के दीर्घकालिक हितों के विरुद्ध है। यह संस्था भारत की जनता की संपत्ति है शेयर बाजार की नहीं। हम सरकार से मांग करते हैं कि प्रस्तावित ऑफर फॉर सेल को तत्काल वापस लिया जाए।

प्रदर्शन में संजय कुमार शर्मा, विजय कुमार, उमानाथ झा, कुमकुम बाला वर्मा, सुनील कुमार वर्मा, कुलजीत कुमार रवि, प्रभात कुमार शर्मा, विनय कुमार, अभय कुमार, प्रदीप प्रसाद, प्रदीप कुमार, महफूज आलम, पंकज कुमार, घनश्याम साव, मनोज वर्मा, नागेश्वर साव सहित कई कर्मचारियों ने भाग लिया।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.