डुमरी टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
धनबाद का रहने वाला था मृतक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच की शुरू

गिरिडीह। जिले के डुमरी टोल प्लाजा के समीप बुधवार को हुए सड़क हादसे में धनबाद निवासी 21 वर्षीय युवक उदय कुमार दास की मौत हो गई। मृतक मुनीडीह में माइनिंग का कार्य करता था और ट्रेनिंग से लौटते समय यह हादसा हुआ। हालाँकि मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि उदय कुमार दास, पिता अजीत दास, ट्रेनिंग पूरी कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान डुमरी टोल प्लाजा के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। परिजनों ने बताया कि वे लगातार उदय के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन फोन लगातार व्यस्त (बिजी) बता रहा था। कुछ देर बाद अस्पताल से फोन कर उन्हें सूचना दी गई कि उदय सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है और तत्काल डुमरी अस्पताल पहुंचने को कहा गया।


परिजनों का आरोप है कि डुमरी टोल प्लाजा के पास एक ट्रेलर ने उदय की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन इस घटना को महज सड़क दुर्घटना मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

