उपायुक्त ने की जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने का दिए निर्देश
कहा जिला प्रशासन की प्राथमिकता, नियमों के अनुरूप हो खनन कार्य

गिरिडीह। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु यश कुमार के अलावे सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि खनन क्षेत्रों में नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जाए और अवैध रूप से खनिजों का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि खनन कार्य पूरी तरह से नियमों के अनुरूप हो और सरकार को राजस्व की हानि न हो। उन्होंने खनन विभाग एवं पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। चेक पोस्ट और पिकेट पर वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा ओवरलोडिंग और बिना चालान के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों को तत्काल जब्त किया जाए। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में खनन से संबंधित गतिविधियों की लगातार निगरानी रखें और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर तत्काल रिपोर्ट करें। कहा कि टास्क फोर्स के सभी सदस्य आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।

