मुहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, अखाड़ा कमिटियों का सत्यापन शुरू
पचंबा थाना पुलिस ने अखाड़ा कमिटियों से मिलकर जुलूस मार्गों का लिया जायजा

गिरिडीह। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। एसपी के द्वारा विभिन्न थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है। वहीं सभी थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में मुहर्रम अखाड़ा कमिटियों के लोगों के साथ बैठके शुरू कर दी है। इसी क्रम में देर शाम को पचम्बा पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मुहर्रम अखाड़ा कमिटियों का दौरा कर सत्यापन अभियान चलाया।
इस दौरान पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने अखाड़ा कमिटियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। साथ ही मुहर्रम जुलूस के प्रस्तावित मार्गों, अखाड़ा स्थलों, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।



मौके पर पुलिस ने कमिटी के सदस्यों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की बात कही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

