घर के पास स्थित कुएं में मिला दो दिन से गायब युवक का शव, पूजा में शामिल होने मामा के घर आया था 19 वर्षीय कृष
घटना से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर, जांच में जूटी पुलिस

गिरिडीह। जिले के सरिया प्रखंड के नावाडीह गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से लापता एक युवक का शव उसके ही घर के कुएं से बरामद किया गया। मृतक 19 वर्षीय कृष कुमार मिर्जागंज निवासी बंधु पासवान का पुत्र है और वह अपने मामा के घर नावाडीह गांव में एक पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। बीते 19 मार्च की शाम से वह अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया।
शनिवार की सुबह परिजन सरिया थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। इसी क्रम घर के समीप स्थित कुएं में युवक की चप्पल और टोपी दिखाई दी। आशंका होने पर ग्रामीणों ने कुएं में कांटा (झगड़) डालकर तलाश शुरू की, जिसमें युवक का बॉडी फंस गया, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव बाहर निकलते ही परिजनों में चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीण हो गया। घटना की सूचना फैलते ही काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।


इधर घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान जिला परिषद सदस्य अनूप कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
