Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

सुमित कुमार निर्विरोध चुने गए उपमहापौर, सभी पार्षदों का जताया आभार

नगर निगम के उप महापौर पद के लिए सिर्फ सुमित कुमार ने की दावेदारी, भाजपा खेमे से दीपक यादव व संजीव कुमार ने कि वाक आउट

0 44

गिरिडीह। सोमवार को समाहरणालय परिसर में नव निर्वाचित मेयर सहित सभी 36 वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण होने के बाद डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राम निवास यादव की देखरेख में उप महापौर पद के लिए नामांकन, जांच एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी की गईं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उप महापौर पद के लिए सुमित कुमार का नाम प्रस्तावित किया गया। निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके विरुद्ध कोई अन्य प्रत्याशी सामने नहीं आने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। हालांकि इस दौरान भाजपा नेता संजीव कुमार और दीपक यादव ने चुनावी प्रक्रिया से खुद को अलग रखते हुए हॉल से बाहर निकल गए। इधर उप विकास आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी (उप महापौर) स्मृता कुमारी ने औपचारिक घोषणा करते हुए सुमित कुमार को नगर निगम का उप महापौर निर्वाचित घोषित किया। घोषणा के बाद महापौर प्रमिला मेहरा ने सुमित कुमार को उप महापौर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। मौके पर सभी वार्ड पार्षदों ने भी सुमित कुमार को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

वहीं सुमित कुमार ने शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने समर्थन देने के लिए सभी पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की हर अपेक्षाओं पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।

sawad sansar

इधर उपायुक्त रामनिवास यादव ने नव निर्वाचित उप महापौर सुमित कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जनता के विश्वास से प्राप्त यह जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा समर्पण के साथ निभाना आवश्यक है। उपायुक्त ने आशा व्यक्त की कि उप महापौर नगर निगम के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर शहर के समग्र विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

वहीं शपथ ग्रहण के बाद महापौर प्रमिला मेहरा ने उप महापौर को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में उप महापौर की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। महापौर ने आशा व्यक्त की कि उप महापौर सभी वार्ड पार्षदों एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.