सदर विधायक सह नगर विकास मंत्री पर बीजेपी का बड़ा हमला, कहा हिन्दू समाज को बांटने का काम कर रहे है मंत्री
नगर निगम चुनाव को राजनीतिकरण कर स्वर्ण समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही है सरकार: डॉ0 रविन्द्र राय

गिरिडीह। नगर निगम चुनाव धीरे धीरे राजनीतिकरण होता जा रहा है। भाजपा और झामुमो अब अपने अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में खुलकर प्रचार प्रसार करने के साथ ही हर रणनीति को अपनाने लगे है। इसी क्रम में भाजपा ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर सदर विधायक सह नगर विकास मंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाए है। प्रेसवार्ता में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद रविन्द्र राय, पूर्व मंत्री राजपालिवार, जिला महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, चुन्नूकांत एवं अशोक उपाध्याय समेत कई नेता मौजूद थे।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ रविन्द्र राय ने राज्य सरकार और सदर विधायक सह नगर विकास मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव में सामाजिक संरचना को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। सरकार के पास न तो कोई मुद्दा है और न ही कोई विजन है। पिछले छह वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद सरकार ने विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया है। कहा कि इस चुनाव में सरकार समाज को तोड़ने का काम कर रही है, जिसमें विशेष रूप से हिंदू समाज और स्वर्ण समाज को विभाजित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के मंत्री द्वारा गिरिडीह में बैठक कर समाज को बांटने की साजिश रची जा रही है। बीजेपी ने हमेशा हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधकर रखने का काम किया है, लेकिन वर्तमान सरकार हिन्दू समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही है।


उन्होंने हिन्दू समाज से आग्रह करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए समाज को सजग रहने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने यूजीसी मुद्दे पर कहा कि यह नगर निकाय चुनाव का मुद्दा नहीं है, लेकिन सरकार अपने राजनीतिक लोगों के माध्यम से इसे गिरिडीह में मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। कहा कि भाजपा यूजीसी के विरोध का समर्थन करती है, लेकिन जिस विषय पर कोर्ट द्वारा रोक लगाई गई हो, उसे राजनीतिक रूप से हवा देना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सामाजिक विभाजन के आधार पर राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा सभी समाज को बराबरी का हक देने के लिए काम करती रही है। उन्होंने स्वर्ण समाज से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव में विकास कार्य करने वाले प्रत्याशी को वोट दें और गिरिडीह के भविष्य के लिए बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को ही विजयी बनाएं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बीजेपी हमेशा आगे रही है और इस बार भी जनता बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को समर्थन देगी।
