नगर निगम के महापौर पद के लिए 16 तथा 36 वार्ड के लिए 216 प्रत्याशी चुनावी मैदान में
नाम वापसी प्रक्रिया के बाद उपायुक्त ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी, कहा शांतिपूर्ण चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता , बड़की सरैया पंचायत के अध्यक्ष के लिए 17 और धनवार नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में

गिरिडीह। नामांकन प्रक्रिया के बाद स्क्रूटनी और नाम वापसी प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त होने के बाद डीसी रामनिवास यादव ने प्रेसवार्ता कर चुनावी मैदान में खड़े प्रत्याशियों के बाबत जानकारी दी। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी डॉक्टर विमल कुमार, एसडीएम श्रीकांत यशवंत और डीपीआरओ अंजना भारती भी मौजूद थी। प्रेसवार्ता के दौरान डीसी श्री यादव ने बताया कि नगरपालिका आम चुनाव 2026 के निमित्त गिरिडीह नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 16 अभ्यर्थी, बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 17 और धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। साथ ही नगर निकाय के सभी वार्डों से कुल 370 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन दाखिल किया था जिसमें 20 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन वापस लिया, नाम वापसी के बाद 350 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है, जिसमें महिला प्रत्याशियों की संख्या 166 है।
डीसी श्री यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरिडीह नगर निगम से नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद अब चुनाव मैदान में मेयर पद के लिए 16 उम्मीदवार मैदान में है। जिसमें 2 उम्मीदवार महिला है। बताया कि मेयर पद के लिए कुल 20 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। जिसमें एक प्रत्याशी का नाम स्क्रूटनी के दौरान छंट गया, वहीं बृजमोहन तुरी, पप्पू रजक और जीवण दास ने शुक्रवार को नाम वापस ले लिया। बताया कि निगम के 36 वार्ड के लिए 216 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।


उन्होंने बताया कि बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष के पद के लिए कुल 19 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, जिसमें 02 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन वापस लिया, नाम वापसी के उपरांत 17 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। वहीं बड़की सरैया के 12 वार्ड के लिए 39 उम्मीदवार मैदान में है। इधर धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 14 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, नाम वापसी के उपरांत अभ्यर्थियों की संख्या 14 है, जिसमें 02 महिला है। जबकि 11 वार्ड के लिए 54 उम्मीदवार मैदान में है।
प्रेसवार्ता के दौरान डीसी श्री यादव ने बताया कि जिले में कुल 166 मतदान केंद्र है। जिसमें 58 अतिसंवेदनशील और 35 संवेदनशील, 04 सामान्य तथा कुल बिल्डिंग पीएसएल 97 है। बताया कि गिरिडीह निगम में 57 अतिसंवेदनशील और 22 संवेदनशील मतदान केंद्र है। वहीं बड़की सरैया में सिर्फ 10 बूथ में 1 अतिसंवेदनशील और 4 संवेदनशील बूथ है। जबकि धनवार नगर निकाय में 14 बूथ है, जिसमें 8 संवेदनशील बूथ है। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी होने के नाते जिले में शांतिपूर्ण मतदान कराना उनका पहल उद्देश्य है।
