गिरिडीह में जननायक स्वर्गीय रीतलाल प्रसाद वर्मा की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई

गिरिडीह। जननायक स्वर्गीय रीतलाल प्रसाद वर्मा की जयंती आज रीतलाल प्रसाद वर्मा चौक, गिरिडीह में उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित कर एवं नमन के साथ श्रद्धापूर्वक मनाई गई। यह कार्यक्रम कुशवाहा संघ, गिरिडीह के बैनर तले आयोजित किया गया।
इस अवसर पर स्वर्गीय रीतलाल प्रसाद वर्मा द्वारा समाज के सरोकारों से जुड़े मुद्दों, सर्वजातीय एवं सर्वधर्म समन्वय के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों को याद किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने उनकी उपलब्धियों को स्मरण करते हुए प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम में कुशवाहा संघ के जिला अध्यक्ष इंद्र नारायण प्रसाद की अगुवाई में कार्यकारी अध्यक्ष दिगंबर प्रसाद दिवाकर, मुन्ना प्रसाद कुशवाहा सहित अन्य स्वजनों ने भी पुष्प एवं माला अर्पित कर नमन किया।


इस मौके पर जिला अध्यक्ष इंद्र नारायण प्रसाद ने समाज के गणमान्य पुरोधाओं के प्रति वर्तमान पीढ़ी की उदासीनता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं और नई पीढ़ी को समाज के लिए कार्य करने वाले महापुरुषों को याद रखने की आवश्यकता है तथा उनके विचारों और कार्यों को समाज में आगे बढ़ाने की जरूरत है।माल्यार्पण सह नमन कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज वर्मा, नगर महामंत्री हरिनंदन वर्मा, बेंगाबाद प्रखंड अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा, समाजसेवी सह व्यवसायी मोहन वर्मा, सुनील वर्मा, भुनेश्वर वर्मा, महेंद्र कुमार वर्मा, कैलाश वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
