Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

बिरसा जयंती समारोह समिति, भाकपा माले सहित कई संगठनों ने पुण्यतिथि पर भगवान बिरसा मुंडा को किया याद

बिरसा चौक स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजली

20

गिरिडीह। धरती के आबा भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि के मौके पर विभिन्न संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजली देते हुए उन्हें याद किया। इस क्रम में बिरसा जयंती समारोह समिति द्वारा सिरसिया स्थित बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धाजंली देते हुए नमन किया। इस मौके पर पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, समिति के अध्यक्ष रविकांत सिंह, छात्र संघ के अध्यक्ष प्रदीप सोरेन, सचिव मदन हेंब्रम, उपमुखिया संजय यादव, डीलर सहदेव मुर्मू, ए टुडू, श्याम सुंदर हंसदा, पवन किस्कू, अनिल हेमरम, बादल मरांडी, सोनालाल मुर्मू, रिंकू भदानी सहित कई लोगों ने भगवान बिरसा को श्रद्धासुमन अर्पित किया और उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इधर माले के विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा के नेतृत्व में जिला कमिटी के कन्हाई पांडेय, नगर के निशांत भास्कर, मजहर अंसारी, मिराज खान, पवन यादव, राजकुमार राय, असंगठित मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष किशोर राय, कौशल साव, रपन गुप्ता सिरसिया स्थित बिरसा चौक पहुंचे और भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा को माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजली दी। मौके पर राजेश सिन्हा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं थे, बल्कि वे एक सामाजिक और क्रांतिकारी सुधारक भी थे, जिन्होंने ‘उलगुलान’ के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी और आदिवासियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कहा कि युवाओं को उनके बलिदान, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान से परिचित कराना जरूरी है।

Comments are closed.