Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

काम मांगो अभियान: ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम

गांडेय तथा बेंगाबाद प्रखंड में ग्राम स्वशासन अभियान ने शुरू किया काम मांगो अभियान

229

गिरिडीह : आजीविका संवर्धन और ग्रामीण सशक्तिकरण के उद्देश्यों को साकार करते हुए, गिरिडीह जिला के गांडेय तथा बेंगाबाद प्रखंड में ग्राम स्वशासन अभियान द्वारा “काम मांगो अभियान” की शुरुआत की गई है। यह अभियान 2 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत ग्राम एवं पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर पंचायतो के साथ मनरेगा के सफल संचालन हेतु सकारात्मक माहौल बनाया जायेगा। इसका उद्देश्य गांवों में जरूरतमंद लोगों को राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा) के तहत काम मांगने के प्रति जागरूक करना है और मनरेगा के व्यापक प्रचार प्रसार तथा इसके सफल क्रियान्वयन में जन भागीदारी को बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान श्यामलाल मुर्मू ने कहा कि झारखंड में मजदूर अधिक संख्या में हैं। संसाधनों की प्रचुरता के बाद भी रोजी रोजगार के लिए मजदूर मजबूरी वश अन्य राज्यों में पलायन करते हैं। कोरोना काल में जब सर्वत्र काम काज ठप्प था तो मनरेगा ही लोगो के लिए संजीवनी बन कर आया था। उन्होंने कहा कि अपने गाँव में 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने के साथ साथ मनरेगा तमाम गावों में आजीविका को मजबूत करने के लिए संपत्ति का सृजन भी करती है।
गांवों के निवासियों को इस अभियान के माध्यम से नरेगा जॉब कार्ड से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी जा रही है, जिसमें काम की मांग, जॉब कार्ड आवेदन, डिलीट जॉब कार्ड, समय पर मजदूरी के भुगतान, बेरोजगारी भत्ता और ग्राम स्तरीय भागीदारी शामिल हैं। इस महत्वपूर्ण पहल में प्रखंड के 74 गांवों के ग्राम सभा सदस्य सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जिससे अभियान को जमीनी स्तर पर एक नई गति मिली है।

इस अभियान के अंतर्गत प्रखंड के 6 पंचायतो पंढरी, फुलची, बरमसिया 2, चम्पापुर, मेदिनीसरे और कर्रीबांक होते हुवे ग्रामीणों द्वारा जागरूकता यात्रा का आयोजन किया गया जिसमे सैकड़ो ग्रामीणों ने बढ़ चढ़ कर भागीदारी की और उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उन्होंने हर गतिविधि में भाग लिया और अपने सवाल भी सबके सामने रखे, जिससे अन्य लोगों को भी प्रोत्साहन मिला। अभियान के अंतर्गत मजदूरों को मनरेगा अधिनियम के अंतर्गत महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और इसके सफल संचालन में समुदाय की सहभागिता पर चर्चा किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बुधन मांझी, श्यामलाल मुर्मू, सुमिता देवी, गुड्डू सोरेन, बड़की देवी, दशरथ सोरेन, बिनु मरांडी, दीपक मुर्मू, सुखलाल मुर्मू, सुनील मुर्मू, देवीसर मुर्मु, बिरजू मुर्मू, जोगन मुर्मू, सुरेश, अभिषेक, दिनेश, शिशिर, लखिंदर, मदन सहित अन्य ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments are closed.

Light
Dark