सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग को मिले वाहनों को मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कहा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए झारखंड सरकार की विशेष पहल

गिरिडीह। ईद, रामनवमी और सरहुल को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ है। इसी बीच झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने शहर के बड़ा चौक से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस बल को रवाना किया। इस क्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार, उपायुक्त रामनिवास यादव और एसपी डॉ विमल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर कुल 32 पुलिस वाहनों को विभिन्न इलाकों के लिए रवाना किया।
आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द से है झारखंड की पहचान


मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि ये सभी वाहन जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार गश्त करेंगे। त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए झारखंड सरकार की ओर से यह विशेष पहल की गई है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द से है, और प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाए जाएं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद
वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि पर्व त्यौहार के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही, नियमित पेट्रोलिंग, वाहन जांच अभियान और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी को भी बढ़ा दिया गया है।
