सीएच ग्राउंड में सनातन हिंदू सम्मेलन सम्पन्न, एकता और संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश

गिरिडीह। सकल हिंदू समाज की ओर से सीएच ग्राउंड में भव्य सनातन हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने भाग लेकर सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर-पूर्व क्षेत्र के क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर एवं गुरु मां (शांति भवन, मकतपुर) उपस्थित रहे। मंच संचालन स्वाति सिन्हा और बिरेन्द्र द्वारा किया गया।
सम्मेलन के दौरान गीता पाठ, प्रश्नोत्तरी, हनुमान चालीसा पाठ एवं आकर्षक भाव-नृत्य जैसे कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।


मुख्य वक्ता अनिल ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के सम्मेलनों का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण करना, हिंदू समाज को एकजुट करना और “संगठन ही शक्ति है” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि संघ अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर समाज के हर वर्ग से संवाद स्थापित कर रहा है।
सम्मेलन में जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त करने और समाज को जाति एवं वर्ग से ऊपर उठकर एक साझा पहचान के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। साथ ही युवाओं को सनातन मूल्यों, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तब इतिहास बदलता है। एकता ही शक्ति है और यही शक्ति राष्ट्र निर्माण का आधार बनती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रांत कार्यवाह मुकेश रंजन सिंह, जिला कार्यवाह निरंजन जी, सोनू गुप्ता, मनीष बरनवाल, सुजीत भदानी, विजय गोप, आयुष, पंकज तर्वे, दीपक डंगायच, अमित कुमार, शिव गौरव पांडेय, प्रेमचंद बरनवाल, मनीष कुमार गुप्ता, राजीव कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार और संतोष गुप्ता सहित कई लोगों की सराहनीय भूमिका रही।
