सदर प्रखंड परिसर में लगा रक्तदान शिविर, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों सहित अन्य किया रक्तदान
लोगों से की स्वेच्छा से रक्तदान की अपील

गिरिडीह। गिरिडीह सदर अस्पताल में सचालित ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए शुक्रवार को सदर प्रखंड गिरिडीह परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावे स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आम लोगों ने भी हिस्सा लिया और रक्तदान किया। इस दौरान शिविर में कुल 16 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर में सदर प्रमुख पूनम देवी, अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद तथा प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ. सचिन कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे। रक्तदान से पूर्व स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा सुरक्षित प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन आगे भी किया जाता रहेगा।


मौके पर अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने जिले के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे रक्तदान शिविर में पहुंचकर इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और मानवता की सेवा में योगदान दें।
शिविर में डॉ. सोहेल अख्तर, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के मदन विश्वकर्मा, लिपिक राजू दास, बीपीएम सुजल कुमार, नकुल पाठक, सहिया साथी, सहियाएं, एमपीडब्ल्यू तथा सदर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मी मौजूद थे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

