Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से जीटी रोड, सरिया एवं खोरीमहुआ में चला विशेष वाहन जांच अभियान

नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 भारी वाहनों से वसूला गया 1 लाख 96 हजार का जुर्माना

0 26

गिरिडीह। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा परिवहन नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में सरिया एवं खोरीमहुआ जीटी रोड में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मुख्य सड़कों एवं महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर भारी वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे 1 लाख 96 हजार जुर्माना भी वसूला गया।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने ट्रक, डंपर, ट्रेलर सहित अन्य भारी वाहनों के कागजात की जांच की। इस दौरान वाहन के पंजीकरण प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए या जो निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे थे, उन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कई वाहन चालक निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पाए गए, जबकि कुछ वाहनों में ओवरलोडिंग, फिटनेस प्रमाण पत्र की कमी तथा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव जैसी अनियमितताएं सामने आईं। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जुर्माना वसूला गया तथा संबंधित चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

sawad sansar

मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस प्रकार के जांच अभियान समय-समय पर चलाए जाते हैं। बताया कि कई बार भारी वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चलते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष रूप से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग परिवहन नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही वाहन की फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र समय पर नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.