रोटरी ग्रेटर का निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर दुसरे दिन भी जारी
लोगों को मिल रहा है शिविर का लाभ, बोकारो की बच्ची को मिला कृत्रिम पैर

गिरिडीह। रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर द्वारा ईश्वर स्मृति भवन में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर “उम्मीद की किरण दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। कोलकाता के भगवान महावीर सेवा सदन के सहयोग से रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर द्वारा 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक चलने वाले इस शिविर में दूर दराज से लोग आ रहे हैं और शिविर का लाभ उठा रहे हैं।
दिव्यांगजनों को नई जिंदगी देने के प्रयास को लेकर आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों को कटे हुए हाथ-पैर के स्थान पर आधुनिक कृत्रिम अंग, वैशाखी एवं कैलिपर निःशुल्क प्रदान किए जा रहे हैं। इससे लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है और उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। शिविर के दौरान बोकारो की एक बच्ची जिसका पैर कट गया था उसका सफलतापूर्वक कृत्रिम पैर प्रत्यारोपण किया गया। जिसके बाद वह दोनों पैर पर खड़ा होकर चलने लगी।



आयोजकों ने बताया कि लगातार तीसरे वर्ष रोटरी ग्रेटर अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए पिछले दो वर्षों से इस शिविर का सफल आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष तीसरी बार आयोजित यह शिविर दिव्यांगजनों के चेहरे पर मुस्कान लाने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। बताया कि शिविर के दूसरे दिन तक करीब 56 लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अभी भी जारी है। वही वही दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोग इस शिविर का लाभ उठा रहे हैं।

शिविर को सफल बनाने में कोलकाता से आए भगवान महावीर सेवा सदन के डॉ. कौलिक घौराई एवं उनकी विशेषज्ञ टीमकृरामजी राय, राजेश हनवल, इसराफिल खान और मोहम्मद नौशाद के अलावे रोटरी क्लब के सीए दीपक सोंथालिया, विकास शर्मा, सुजय राज गुप्ता, ई. अजय कुमार गुप्ता के साथ-साथ सचिव सीए रवि गाडिया, राजेंद्र तरवे, सीए आकाश रौशन, सीए ब्रह्मदेव प्रसाद, रंजीत लाल, गोपाल दास भदानी, सीए सुमित अग्रवाल, मनीष कुमार, अमित कुमार, दीपक चिरानिया, अनिल मिश्रा, सीए राकेश कुमार एवं सीए प्रवीण कुमार सराहनीय भूमिका निभा रहे है।
