फागुन मेला को लेकर गिरिडीह में निकली भव्य निशान यात्रा, जय श्री श्याम के जयकारे से गुंजा शहर

गिरिडीह। श्री श्याम सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय फागुन मेलो के साथ महोत्सव की शुरूआत गुरुवार को भव्य निशान यात्रा निकालकर की गई। निशान यात्रा में करीब 1500 भक्तों ने निशान के साथ शामिल होकर पूरे शहर का भ्रमण किया। श्री श्याम मंे मंदिर से निकलकर भक्त नंगे पांव बाबा श्री श्याम के भजनों पर झुमते हुए चल रहे थे। इस दौरान महिलाओं से लेकर पुरुष और युवक युवतियां हाथों में निशान थामे हुए तीन बाण के धारी के नाम से भक्तों के बीच प्रख्यात श्याम बाबा की भक्ति में लीन थी। मौके पर भक्तों की भीड़ जय श्री श्याम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।



इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से जगह जगह पर अर्धसैनिक बलों की जबरदस्त तैनाती की गई थी। अर्धसैनिक बलों के निगरानी में निशान यात्रा संपन्न हुई। वहीं श्री श्याम सेवा समिति के सदस्य प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि गिरिडीह में बड़े उत्साह के साथ निशान यात्रा निकाली गई है। बताया कि शहर भ्रमन के बाद निशान यात्रा वापस श्री श्याम मंदिर पहुंच कर समाप्त हुई। इस दौरान भक्तों ने श्याम बाबा को निशान अर्पित किया।

प्रभु श्री श्याम को निशान अर्पण करने के बाद भक्तों ने मंदिर परिसर में जमकर गुलाल खेला। इस दौरान भक्तों ने श्री श्याम के भजनों पर घंटो झूमते रहे। मंदिर परिसर में मौजूद हर एक भक्त श्री श्याम के भक्ति में गोते लगा रहा था।
