प्रेम प्रसंग में दो महिलाओं की हत्या करने वाले आरोपी ने थाने के अंदर गला रेतकर किया आत्महत्या का प्रयास, इलाज के दौरान मौत
घटना के विरोध में परिजन सहित ग्रामिण गांवा थाना गेट के बाहर कर रहे थे प्रदर्शन


गिरिडीह। बीते गुरुवार से गायब दो महिलाओं का शव बीती रात गावां थाना क्षेत्र गोलगो जंगल से बरामद होने के बाद पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों ने जहां मंगलवार की सुबह से गावां थाना का गेट जाम कर दिया था। वहीं दूसरी ओर शक के आधार पुलिस ने जिस श्रीकांत चौधरी को गिरफ्तार किया था, उसने दोपहर बाद थाने के अंदर ही अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। थाने के अंदर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने श्रीकांत को आनन फानन में अस्पताल ले गई, और प्राथमिक इलाज बाद गिरिडीह रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विदित हो कि प्रेम प्रसंग मामले को लेकर गावां थाना क्षेत्र के निमाडीह निवासी संतोष रविदास की 32 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी और धर्मेंद्र यादव की 25 वर्षीय पत्नी सोनी देवी गुरुवार को गोलगो जंगल से जानवर के लिए पत्ता लाने गई थी तब से दोनों लापता थी। जिसके बाद गावां थाना में दोनों महिलाओं की लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद से पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। सोमवार की रात को गावां थाना क्षेत्र के गोलगो जंगल में दोनों महिलाओं का शव मिलने के बाद पुलिस ने गदर पंचायत के महजपुर निवासी दशरथ चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र श्रीकांत चौधरी को शक के आधार पर हिरासत में लिया था।


बताया जाता है कि श्रीकांत चौधरी और सोनी देवी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसे कुछ माह पूर्व स्वजनों ने रंगे हाथ पकड़ा था। जिसके बाद पंचायत हुई और 1.8 लाख रुपए की जुर्माना भी लगाया गया था। इसके बावजूद दोनों के बीच प्रेम संबंध बरकार था। गावां थाना में बेटी की लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस ने सोनी देवी का मोबाइल फोन लेकर कॉल डिटेल्स खंगाला। जिसके बाद श्रीकांत चौधरी को गिरफ्त में लेकर कड़ाई से पूछ ताछ किया। आरोपी के निशानदेही पर निमाडीह से चार किलोमीटर दूर जंगल के नाले से दोनों महिलाओं का शव बरामद किया। श्रीकांत ने दोनों की हत्या की बात स्वीकार कर ली थी।
बहरहाल गावां डबल मर्डर मामले के आरोपी श्रीकांत चौधरी ने पुलिस हिरासत के दौरान जिस प्रकार से अपना गला रेतकर हिंसात्मक कदम उठाया है, उसने गावां पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments are closed.