पुरस्कार वितरण के साथ चार दिवसीय गिरिडीह पुस्तक मेले का भव्य समापन
समय इंडिया के प्रबंध न्यासी चंद्र भूषण ने प्रतिभागियों को किया सम्मानित

गिरिडीह। स्थानीय झंडा मैदान स्थित विवाह भवन में आयोजित चार दिवसीय पुस्तक मेले का समापन रविवार को औपचारिक समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ भव्य रूप से हुआ।
समय इंडिया के प्रबंध न्यासी चंद्र भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि पुस्तकें व्यक्ति के जीवन को दिशा और दृष्टि दोनों प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है, बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को सही मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने छात्रों और युवाओं से नियमित पठन की आदत विकसित करने का आह्वान किया और इस तरह के आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।


उन्होंने कहा कि इस पुस्तक मेले का उद्देश्य केवल किताबों की बिक्री नहीं, बल्कि समाज में पठन-पाठन की संस्कृति को पुनर्जीवित करना है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह में मिले अपार समर्थन ने यह साबित कर दिया कि लोगों के भीतर पढ़ने की ललक आज भी जिंदा है। उन्होंने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत सुनील मंथन शर्मा ने किया। यह मेला अपने पीछे साहित्य, ज्ञान और प्रेरणा की सशक्त छाप छोड़ गया।
