पार्षद रंजीत यादव ने बोर्ड की बैठक में राज्य सभा सांसद प्रतिनिधि सह संवेदक के बैठने पर जताई आपत्ति
कहा जब एक संवेदक प्रतिनिधि के रूप में बैठक में हो सकते है शामिल तो पार्षद प्रतिनिधियों को भी मिले बैठक में जगह

गिरिडीह। गिरिडीह नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक में राज्य सभा सांसद के प्रतिनिधि सह संवेदक शदाब आफताब के बैठने पर वार्ड पार्षद रंजीत यादव ने एतराज जताया है। निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर दस के पार्षद रंजीत यादव ने नगर निगम के उप आयुक्त प्रशांत कुमार लायक को पत्र लिखकर कहा है कि बोर्ड की बैठक में किसी भी संवेदक की उपस्थिति गलत है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राज्य सभा सांसद डॉ सरफराज अहमद के द्वारा नगर निगम के संवेदक शदाब आफताब को प्रतिनिधि के तौर पर बोर्ड की बैठक में नामित किया गया था और अगर प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया तो शदाब आफताब नगर निगम के संवेदक है। ऐसे में उन्हें बोर्ड की बैठक में कैसे शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि अगर कोई ऐसा कानून है कि नगर निगम के संवेदक को प्रतिनिधि के रूप में बोर्ड की बैठक में शामिल किया जा सकता है तो फिर जिते हुए वार्ड पार्षदों के प्रतिनिधि को भी बोर्ड की बैठक में शामिल होने की अनुमति दी जानी चाहिए


इधर उप नगर आयुक्त ने कहा नगर निगम बोर्ड की बैठक में राज्य सभा सांसद डॉ सरफराज अहमद के द्वारा अपने प्रतिनिधि के रूप में शदाब आफताब के नाम को भेजा गया था। जिसके कारण उन्हें बोर्ड की बैठक में शामिल किया गया। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि नगर निगम के किसी संवेदक को बोर्ड की बैठक में शामिल होने का कोई अधिकार नही है। आगे से इस बात का ध्यान रखा जायेगा।
