Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

पचंबा थाना के पास डीटीओ ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान, कई वाहन चालकों के काटे गए चालान

0 47

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर शुक्रवार को पचंबा थाना के पास जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने अभियान के दौरान स्वयं मौके पर मौजूद रहकर वाहनों की जांच कराई। इस दौरान वाहन चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने तथा आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वैध कागजात साथ रखें तथा ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने से बचें। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.