Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित कराने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क और सक्रिय, कंट्रोल रूम से रखी जा रही है नजर

सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों पर रखी जा रही है नजर, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

0 45

गिरिडीह। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सभी नगर निकायों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय है। निर्वाचन कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम 24×7 क्रियाशील है, जहां से निर्वाचन की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने साफ साफ निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार की शिकायत या व्यवधान की सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। कंट्रोल रूम में शिकायत पंजी भी संधारित किया जा रहा है, जिसमें प्राप्त शिकायतों का विवरण दर्ज कर उस पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है। इससे पारदर्शिता बनी हुई है और मतदाताओं में विश्वास का वातावरण कायम है।

 

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस महानिरीक्षक, (अभियान), पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार कंट्रोल रूम व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन की सतत निगरानी और सुदृढ़ व्यवस्था के कारण सभी नगर निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।

 

sawad sansar

इस दौरान उपायुक्त श्री यादव ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रशासन द्वारा आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

 

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भी लोगों से संयम बरतने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है। उनका कहना है कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और इसे शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की हिंसक घटना से न केवल सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है, बल्कि विकास की प्रक्रिया पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून – व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.