तेज रफ्तार बुलेट ने सात वर्षीय मासूम को मारी टक्कर, मौत
आक्रोशित लोगों ने किया जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग जाम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

गिरिडीह। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग स्थित करिहारी गांव के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक सात वर्षीय गोलू कुमार जमुआ थाना क्षेत्र के करिहारी निवासी रवि यादव का पुत्र था। शनिवार की सुबह गोलू अपने घर के पास ही सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बुलेट बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर हुआ है।
इधर घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषी बाइक चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की।


सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को काफी मशक्कत के बाद समझा बुझाकर शांत किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी मुआवजे को लेकर पहल करने की बात कही गई है।
