Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

डुमरी में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 8 किलो दूषित मिठाइयां और एक्सपायर्ड सोडा जब्त

9 दुकानों की जांच, तीन दुकानदारों को FSSAI लाइसेंस लेने का निर्देश; मेला क्षेत्र में भी चलाया गया जागरूकता अभियान

0 5

गिरिडीह : दुर्गापूजा के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने डुमरी अनुमंडल में सघन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर अष्टमी के अवसर पर चलाए गए इस अभियान में 9 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 8 किलोग्राम दूषित मिठाइयां और एक्सपायर्ड सोडा की 16 बोतलें जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दी गईं।

अभियान के दौरान तीन दुकानदारों को अनिवार्य रूप से भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए दो सर्विलांस नमूने भी संग्रहित किए गए।

sawad sansar

मेला क्षेत्र में भी जांच और जागरूकता

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डुमरी मेला क्षेत्र में भी जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान गोलगप्पे (गुपचुप) सहित अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वाले विक्रेताओं को स्वच्छता के मानकों का पालन करने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और केवल अनुमोदित खाद्य रंगों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। दूषित अथवा एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री और निर्धारित मानकों के उल्लंघन पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों से त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके और जनस्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।

 

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.