जेएसएससी व सीजीएल नियुक्ति मामले में एक बार फिर गिरिडीह में सीआईडी की धमक
पूछताछ के लिए गावां से हिरासत में लिए गए जमशेदपुर में फूड इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत संजय कुमार

गिरिडीह। जेएसएससी व सीजीएल नियुक्ति मामले की जांच कर रही सीआईडी ने एक बार फिर गिरिडीह में धमक देते हुए गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र से संजय कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सीआईडी की टीम ने उन्हें पिहरा बाजार स्थित उनके पैतृक आवास से हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि संजय कुमार जमशेदपुर में फूड इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। जेएसएससी व सीजीएल मामले में उनकी भूमिका और मामले से जुड़े संभावित कनेक्शन को लेकर सीआईडी उनसे पूछताछ कर रही है।


विदित हो कि जेएसएससी व सीजीएल 2023 परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमितता और अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से परीक्षा में सफल कराने के आरोपों की जांच सीआईडी की एसआईटी कर रही है। सीआईडी ने 1 जनवरी 2025 को सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों, कथित एजेंटों और परीक्षा संचालन से जुड़े लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इससे पूर्व जिले के बेंगाबाद प्रखंड में भी दो दो बार सीआईडी की टीम आ चुकी है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है।

