Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

जामताड़ा के तेजतर्रार नेता तरुण गुप्ता ने 6 साल बाद की घर वापसी, बाबूलाल मरांडी ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

तरूण गुप्ता पुराने और विश्वसनीय साथी, पार्टी को मिलेगी मजबूती : बाबूलाल मरांडी

59

गिरिडीह : जामताड़ा जिला के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व बीस सूत्री उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता गुरुवार को अपने दर्जनों समर्थकों के साथ गिरिडीह पहुंचे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की। इस दौरान श्री मरांडी के आवास पर ही कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन किया गया और अपने दर्जनों समर्थकों के साथ पहुंचे जामताड़ा जिला के पूर्व बीस सूत्री उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई। इस दौरान श्री मरांडी ने तरुण गुप्ता और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता पर्ची एवं पट्टी पहनाकर भाजपा में स्वागत किया गया।

मौके पर श्री मरांडी ने कहा, कि “तरुण गुप्ता भाजपा के पुराने और विश्वसनीय साथी रहे हैं। इनकी वापसी से न केवल जामताड़ा विधानसभा बल्कि पूरे झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी।” उन्होंने कहा  कि जामताड़ा में भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण की सक्रियता और नेतृत्व में पार्टी नए ऊंचाईयों को छुएगी, और तरुण गुप्ता जैसे अनुभवी नेता का पुनः जुड़ना पार्टी के लिए सौभाग्य की बात है।

भाजपा में शामिल होते हुए तरुण गुप्ता ने भावुक होते हुए कहा कि “बाबूलाल मरांडी मेरे राजनीतिक गुरु रहे हैं। आज उनके सान्निध्य में फिर से भाजपा में शामिल होना मेरे लिए गौरव का विषय है। छह वर्षों तक मैं अन्य पार्टी में रहा, लेकिन घर की कमी हमेशा खलती रही। आज घर वापसी कर खुद को अत्यंत ऊर्जावान महसूस कर रहा हूं।”

इस मौके पर जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, भाजपा नेता अशोक उपाध्याय, महेंद्र वर्मा, सुभाष सिन्हा, नवीन सिन्हा, मनोज संघई, रंजीत राय कुमार गौरव समेत कई भाजपाई मौजूद थे।

Comments are closed.