जमीन विवाद में हुई थी पूर्व जिला परिषद सह झामुमो अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या, मामले का पुलिस ने किया उद्भेदन
डुमरी एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी, कहा हेठटोला निवासी रेवतलाल और प्रदीप ने की थी राकेश महतो की हत्या

गिरिडीह। गिरिडीह के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह झामुमो नेता राकेश महतो की निर्मम हत्याकां मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। राकेश महतो की हत्या जमीन विवाद को लेकर हुई थी। मामले में पुलिस ने डुमरी थाना क्षेत्र के हेठटोला निवासी रेवतलाल महतो और प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने प्रेसवार्ता कर बताया कि बीते 21 फरवरी को पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष डुमरी निवासी राकेश महतो का अधजला शव झारखंड कॉलेज डुमरी (घुटवालि) के समीप खांकीकला जंगल में मिला था। घटना के बाद गिरिडीह के एसपी डा. बिमल कुमार के द्वारा एक एसआईटी का गठन किया गया था जो लगातार मामले के उद्भेदन करने में जुटी हुई थी।
एसआईटी के किए गए अनुसंधान के दौरान पता चला कि राकेश महतो के द्वारा जीटी रोङ बन रहे मकान के बगल में कुछ विवादित जमीन था और उसी जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद चला आ रहा था। इसी जमीन विवाद को खत्म करने के लिए रेवत लाल महतो और प्रदीप कुमार ने मिलकर राकेश महतो की हत्या करने की साजिश रची और फिर पूरी प्लानिंग कर राकेश महतो की हत्या की घटना को अंजाम दिया।
