Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

गिरिडीह में गैस के लिए हाहाकार, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़ — घंटों लाइन में खड़े रहे लोग

युद्ध के बीच से मची अफरा-तफरी, कई जगह स्टॉक खत्म होने की चर्चा

0 81

गिरिडीह : जिले में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर बुधवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर आसपास के इलाकों तक गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई जगहों पर स्थिति ऐसी रही कि लोगों को घंटों इंतजार करने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया।

सुबह होते ही बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों पर पहुंच गए। देखते ही देखते एजेंसियों के बाहर भीड़ इतनी बढ़ गई कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग सभी सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े नजर आए। भीड़ और अव्यवस्था के कारण कई जगहों पर अफरा-तफरी की स्थिति भी बन गई।

sawad sansar

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चा तेजी से फैल रही है। इसके साथ ही कुछ एजेंसियों में स्टॉक खत्म होने की खबर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। इसी आशंका के चलते लोग जल्द से जल्द गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों की ओर दौड़ पड़े।

गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि वे कई घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर मिलने की कोई निश्चितता नहीं है। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कुछ जगहों पर स्टॉक खत्म हो गया है, लेकिन जल्द ही नया स्टॉक पहुंचने वाला है। जैसे ही गैस की नई खेप आएगी, सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

फिलहाल अफवाहों और आशंकाओं के बीच गैस एजेंसियों पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे प्रशासन और एजेंसी संचालकों के सामने व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.