गिरिडीह पहुंचे भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय झारखंड दिशा के सदस्य देवेश तिवारी
मोदी सरकार के 12 वर्षों को बताया विकास का स्वर्णिम अध्याय, कहा केंद्र-राज्य के बीच समन्वय नही होने के कारण केन्द्र सरकार की कई योजनाओं से वंचित है झारखेड की जनता

गिरिडीह। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य देवेश तिवारी शनिवार को गिरिडीह पहुंचे और केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए उसे विकास का स्वर्णिम अध्याय बताया। शनिवार की सुबह परिषदन भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय, आधारभूत संरचना, जनजातीय कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। वहीं डिजिटल इंडिया और यूपीआई के माध्यम से भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बना है। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, हवाई अड्डों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से देश के विकास को नई गति मिली है।
कहा कि अगर सिर्फ झारखंड की ही बात की जाये तो देवघर एम्स, देवघर हवाई अड्डा, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, जल जीवन मिशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं मोदी सरकार की देन है। कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं दी हैं। जनजातीय समाज के लिए पीएम-जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं को भी उन्होंने ऐतिहासिक पहल बताया।


इस दौरान देवेश तिवारी ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच समन्वय की कमी को बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का पूरा लाभ लाभुकों तक नहीं पहुंच पा रहा है। राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय नहीं होने के कारण कई योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं आ रही हैं। यदि दोनों सरकारें मिलकर कार्य करें तो लाभुकों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिल सकेगा।

