गांवा थाना क्षेत्र के सिजुआ में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई
दो हजार किलो महुआ व 185 लीटर अवैध चुलाई शराब को किया जब्त

गिरिडीह। अवैध शराब को लेकर उत्पाद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उत्पाद अधीक्षक को मिले गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए गांवा थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव में व्यापक छापामारी की गई।
छापामारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने शराब चुलाई में प्रयुक्त उपकरणों, भट्टी तथा जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही बड़ी मात्रा में तैयार अवैध चुलाई शराब को जब्त किया गया। इस दौरान कुल दो हजार किलोग्राम जावा महुआ एवं 185 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध चुलाई शराब के कारोबार से जुड़े एक अभियुक्त की पहचान की गई, हालांकि छापामारी की भनक लगते ही वह फरार होने में सफल रहा। उक्त अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।



इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार ने बताया कि नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इस तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन कर रहे थे। वहीं छापामारी दल में उत्पाद विभाग के अन्य कर्मियों के साथ जिला बल एवं गृह रक्षक जवान भी शामिल थे।
