खबर का असर: मनरेगा योजना में जेसीबी चलाए जाने के मामले को डीडीसी ने लिया संज्ञान
कहा जिला से टीम बना कर योजना की कराई जाएगी जांच: डीडीसी

गिरिडीह। जिले के गावां प्रखंड अंतर्गत माल्डा पंचायत स्थित पांडेयडीह में मनरेगा के तहत निर्माण किए गए पर्कुलेशन टैंक में जेसीबी चलाए जाने पर विभाग गंभीर है। इसे लेकर उपविकास आयुक्त स्मिता कुमारी ने जिला से टीम बना कर जांच कराने की बात कही है। डीडीसी स्मिता कुमारी ने कहा कि मनरेगा योजना में जेसीबी मशीन का प्रयोग प्रतिबंधित है और इसके सही क्रियान्वयन को लेकर पंचायत के मुखिया से लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों की जिम्मेवारी बनती है। उक्त मामला उनके भी संज्ञान में आया है, जिसके बाद यहां से टीम बनाई जा रही है जो पूरे मामले की जांच करेगी
साथ ही उन्होंने कहा कि जांच में यदी जेसीबी चलाए जाने की सत्यता पाई जाती है तो फिर न सिर्फ रिकवरी किया जाएगा बल्कि साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी अलग अलग पंचायतों में अब तक लगभग 70 लाख रुपए की रिकवरी की गई है और कई लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है।
