कोडरमा-हजारीबाग-बरकाकाना रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना को मिली स्वीकृति, करीब 3,063 करोड़ होगा खर्च
भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री व कोडरमा सांसद का जताया आभार, कहा कोडरमा लोकसभा के लिए विकास की नई राह


गिरिडीह। कोडरमा-हजारीबाग-बरकाकाना रेल लाइन के दोहरीकरण को केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृति दे दी गई है। जो कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। करीब 3,063 करोड़ की लागत से बनने वाली 133 किमी लंबी इस परियोजना से न केवल रेल यातायात की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
इस बाबत जानकारी देते र्हुए ZRUCC पूर्वी रेलवे के सदस्य सह भाजपा जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जालान ने बताया कि इस परियोजना से कोडरमा, चतरा, हजारीबाग एवं रामगढ़ जिलों के लगभग 938 गांवों की 15 लाख से अधिक जनसंख्या को सीधा लाभ होगा। साथ ही, इससे प्रतिवर्ष 32 करोड़ लीटर डीज़ल की बचत और 163 करोड़ किलोग्राम CO₂ उत्सर्जन में कमी संभव होगी, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। कहा कि यह परियोजना पटना-रांची मार्ग की दूरी को भी कम करेगी तथा मालवाहन क्षमता 30.4 मिलियन टन तक बढ़ाएगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि, सतत् प्रयास एवं सशक्त नेतृत्व के कारण ही यह संभव हो पाया है। कहा कि केन्द्र सरकार के सक्रिय योगदान एवं निरंतर पहल से इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंज़ूरी मिली, जिससे क्षेत्र के लोगों के लंबे समय के सपनों को साकार होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह परियोजना ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे कोडरमा सहित पूरे झारखंड को व्यापक लाभ मिलेगा।

Comments are closed.