कर्मों के लेखा-जोखा के देवता भगवान चित्रगुप्त की पूजा, गिरिडीह बार एसोसिएशन में विधि-विधान से आराधना


गिरिडीह। पूरे जिले में गुरुवार को कायस्थ समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ की। इस अवसर पर शहर के कई मंदिरों और संस्थानों में धार्मिक माहौल बना रहा।
गिरिडीह बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं ने भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने समाज में सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सहाय, सचिव चुन्नू कांत, ज्योतिष सिन्हा, रंजन सिन्हा, उत्तम सिन्हा, चंदन सिन्हा, सोनू सिन्हा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता और कायस्थ समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
पूजन के बाद दोपहर में पारंपरिक भैय्यारी (भोज कार्यक्रम) का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के सदस्यों ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
शहर के कई अन्य इलाकों में भी भगवान चित्रगुप्त की पूजा धूमधाम से की गई, जहां श्रद्धालुओं ने कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने का आशीर्वाद मांगा।
